सेतु स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय जनता ने किया विधायक का अभिनंदन

देवरिया। भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र के रायबारी चखनी घाट पर क्षेत्रीय विधायक सभा कुंवर कुशवाहा के प्रस्ताव पर सेतु स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय जनता के द्वारा क्षेत्रीय विधायक का बुधवार को अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री कुशवाहा ने कहा कि आप लोगों ने मुझे 2022 में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया था। तब से लेकर आज तक मैं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर लगा रहता हूं। मेरे मन में भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र को मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाने का सपना है जिसे आप लोगों के सहयोग से निश्चित ही पूरा करने का प्रयास करूंगा। 2022 से लेकर अब तक भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र में छोटी- बड़ी 300 से ऊपर सड़कों का निर्माण मेरे प्रस्ताव पर हो चुका है। केरवानिया घाट का पुल जो जर्जर हो चुका था उसके बगल में नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है जो शीघ्र ही पूरा होगा।चखनी घाट पर पुल बनवाने का मेरा सपना था जो आज जा करके साकार हुआ है। भाटपार रानी ब्लॉक मुख्यालय जो जीर्ण- शीर्ण अवस्था मे था उसके स्थान पर अब भाटपार रानी- भिंगारी मार्ग पर बेलपार पंडित में नए ब्लॉक मुख्यालय का निर्माण अपने अंतिम पड़ाव पर है। मैं सदन में घाटी बाजार में विद्युत सब स्टेशन लगाने की मांग कर चुका हूं। निश्चित ही आने वाले दिनों में घाटी बाजार में नया विद्युत सब स्टेशन बनेगा जिससे बिजली की आपूर्ति और भी बेहतर होगी। 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। गुंडा माफिया या तो जेल की सलाखों में है या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं। 2027 में तीसरी बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी सपा, बसपा और कांग्रेस का उत्तर प्रदेश से पूरी तरह सफाया हो जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष घाटी अनिल शाही ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य अजीत कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती बिंदा कुशवाहा, डॉ शम्स परवेज़, मंडल अध्यक्ष भाटपार रानी विशंभर पांडेय, वीरेंद्र कुशवाहा,तारकेश्वर तिवारी, संतोष साहनी, संजय सिंह सैथवार, राघवेंद्र सिंह, हरिकेश कुशवाहा, पंकज शाही, आशीष सिंह, अनिरुद्ध कुशवाहा, सर्वजीत यादव सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Next Post Previous Post