विज्ञान दिवस पर बच्चों ने दिखाएं अपने हुनर: मनोज कुशवाहा
देवरिया। स्थानीय तहसील क्षेत्र के खामपार स्थित गुरुकुल शिक्षण संस्थान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने अपने द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रकार के प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुशवाहा ने कहा कि नोबेल पुरस्कार से सम्मानित महान भौतिक शास्त्री सर सीवी रमन द्वारा खोजे गए रमन प्रभाव के सम्मान में मनाए जाने वाला राष्ट्रीय विज्ञान दिवस छात्रों में छिपी प्रतिभा को जागृत करने का कार्य करता है। किसी भी राष्ट्र के निर्माण में विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थी अपने अंदर तार्किक और वैज्ञानिक शोध की क्षमता को विकसित करें। विद्यार्थी समाज में विद्यमान ऊर्जा, प्रदूषण, स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं को विज्ञान के माध्यम से हल करने के लिए शोध कार्य करें। उन्होंने कहा कि भारत में विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए 1986 में भारत सरकार ने 28 फरवरी के दिन राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विज्ञान से होने वाले लाभों के प्रति समाज में जागरूकता लाने और वैज्ञानिक सोच पैदा करने के उद्देश्य से मनाया जाता हैं। मोहित कुशवाहा, गौरव मौर्य, आराध्या कुशवाहा, इरशाद अंसारी, अभिमान यादव सहित तमाम छात्रों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सुरेश तिवारी, वशिष्ठ कुशवाहा, राधेश्याम कुशवाहा, श्रवण आर्य, नवीन यादव, राधेश्याम कुशवाहा, उमेश तिवारी, निशा कुशवाहा, मनोरमा देवी, माधुरी देवी, पिंकी यादव, पिंकी कुशवाहा, दीक्षा यादव सहित विद्यालय के छात्र-छात्रा उपस्थित थे।