विद्यालय सामाजिक संरचना के निर्माण का प्रथम सोपान: पंडित गिरीश चंद तिवारी
देवरिया। (मेडल पाकर खिल उठे विद्यार्थियों के चेहरे)
स्थानीय तहसील क्षेत्र के खामपार स्थित गुरुकुल शिक्षण संस्थान में वर्ष 2026 के उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के दसवीं की परीक्षा में विद्यालय के उत्तीर्ण छात्र -छात्राओं को विद्यालय परिवार के द्वारा समारोह पूर्वक सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद तिवारी ने विद्यालय के तीनों टॉपर सहित सभी उत्तीर्ण छात्र -छात्राओं को मेंडल पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय में हाई स्कूल में कुल 49 छात्र -छात्रा थे और सभी ने सफलता हासिल किया है।
विद्यालय की छात्रा अदिति यादव ने 92.33% अंक के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान, विनीता भारती ने 89.33%0अंक के साथ दूसरा स्थान एवं हिमांशु कुशवाहा ने 88.33% अंक प्राप्त कर विद्यालय में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पंडित गिरीश चंद तिवारी ने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन का बड़ा ही महत्व है। एक अनुशासित, संस्कारित एवं समय का पाबंद छात्र निश्चित ही सफलता की बुलंदियों को छू लेता है। हमेशा आप सभी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए एक अनुशासित एवं संस्कारी छात्र के रूप में अपनी पहचान बनाएं। शिक्षित व्यक्ति ही सभ्य एवं अनुशासित समाज का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि जीवन में आप कहीं भी रहे परिश्रम, ईमानदारी एवं हर काम में पारदर्शिता को महत्व दें। आप लोगों को हमेशा नैतिक मूल्यों और शिक्षा को महत्व देते हुए अपने जीवन में आगे बढ़ते रहना चाहिए। ताकि आपका जीवन सफल होने के साथ-साथ जनकल्याणकारी भी बने।
श्री तिवारी ने कहा कि विद्यालय सामाजिक संरचना के निर्माण का प्रथम सोपान होता है। जो आगे चलकर एक सशक्त, सभ्य और शिक्षित समाज की नींव रखता है। प्रत्येक विद्यार्थी का अपना लक्ष्य और महत्वाकांक्षा होती है इस पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ पूरा करना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुशवाहा ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया एवं कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक सुरेश तिवारी ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से फागु राज कुशवाहा, नितेश कुशवाहा, अंजना देवी, दया शंकर यादव, राकेश कुशवाहा, मैनेजर कुशवाहा, मनोज कुमार, तेज बहादुर कुशवाहा, सत्य प्रकाश यादव, अजय कुशवाहा, धीरज गुप्ता,उमेश तिवारी, राधेश्याम कुशवाहा, नवीन यादव, बृजनंदन गोंड, मनोरमा देवी, माधुरी देवी, पिंकी यादव, पिंकी कुशवाहा, स्वाति आर्य, नेहा कुशवाहा,निशा कुशवाहा,जवाहर यादव सहित विद्यालय के छात्र-छात्रा उपस्थित थे।
