क्राइस्ट ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
प्रयागराज, बमरौली: मंदर मोड स्थित क्राइस्ट ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के परिसर में बुधवार को 'पृथ्वी दिवस' के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और धरती को बचाने की शपथ ली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई अंग्रेजी लघु नाटिका (Skit) रही। स्पेशल असेंबली के दौरान बच्चों ने इस नाटक के जरिए बढ़ते वैश्विक तापमान (Global Warming) और प्रदूषण के खतरों के प्रति दर्शकों को जागरूक किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने 'पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ' का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे वहां मौजूद लोगों ने खूब सराहा। इसके साथ ही पर्यावरण जागरूकता से संबंधित नृत्य भी आयोजित किया गया।
स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर सोमनी ने इस अवसर पर पौधारोपण किया और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी वर्तमान पीढ़ी पर्यावरण के प्रति जागरूक हो रही है। हम अपनी छोटी-छोटी आदतों जैसे—बिजली की बचत, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और अधिक से अधिक पौधे लगाकर धरती को फिर से हरा-भरा बना सकते हैं। हर व्यक्ति का छोटा सा योगदान भी प्रदूषण के खिलाफ बड़ी जीत दिला सकता है।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ ने एक स्वर में पृथ्वी की रक्षा करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने की प्रतिज्ञा ली। इस अवसर पर स्कूल की उप-प्रधानाचार्य, सिस्टर, मीडिया कोऑर्डिनेटर अभिषेक कांत पांडेय और सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

