भाटपार रानी में तिरंगा यात्रा निकाल सैनिकों के अदम्य साहस को किया नमन
देवरिया। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी आतंकवादियों के विरुद्ध भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर सैन्य जवानों के अदम्य साहस व पराक्रम के सम्मान में शुक्रवार को भाटपार रानी उपनगर स्थित बीआरडी इंटर कॉलेज से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक सभा कुवंर कुशवाहा, क्षेत्रीय मंत्री हरिचरण कुशवाहा,राजकुमार शाही, सुशील कुमार शाही, अजय कुमार दुबे, जयनाथ कुशवाहा,डॉक्टर भानु प्रताप सिंह,अशोक सहाय आदि के साथ सैकड़ो की संख्या में आम जन एवं युवा वर्ग ने तिरंगे के साथ पदयात्रा में भाग लिया। सड़क पर उतरी राष्ट्र भक्तों की टोली से पूरा नगर तिरंगा मय हो गया। यह यात्रा स्टेशन रोड, दुर्गा मंदिर रोड, बापू रोड, मालवीय रोड होते हुए मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज में आकर संपन्न हुआ। इस दौरान लोगों का जोश देखते बन रहा था। हाथों में तिरंगा लिए लोग भारत माता की जयकारे लगा रहे थे। क्षेत्रीय विधायक सभा कुवंर कुशवाहा ने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों, वायु सेना, नौसेना और सभी सुरक्षा बलों को नमन करते हुए कहा कि भारत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने आतंकवाद के विरुद्ध पराक्रम और दृढ़ता का परिचय दिया है। क्षेत्रीय मंत्री हरिचरण कुशवाहा ने कहा कि शौर्य तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी एकजुट आस्था व शहीदों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। हर हाथ में तिरंगा से हर दिल में भारत माता के प्रति प्रेम दिखता है।